November 5, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वॉन्टेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने आरोपी को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह दुबई से भारत पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद उसे हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को रायपुर लाया गया।

पैनल कोऑर्डिनेशन और फंड जुटाने में भूमिका का आरोप

CBI के मुताबिक, अभिषेक कुमार पर महादेव बुक के पैनल कोऑर्डिनेट करने और फंड जुटाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि वह सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।

जांच के दौरान यह भी सामने आने की बात कही गई है कि आरोपी कथित तौर पर अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने की गतिविधियों में शामिल था।

रायपुर कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस रिमांड दी

हैदराबाद से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाए जाने के बाद CBI ने अभिषेक कुमार को रायपुर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने जांच एजेंसी को आरोपी की 2 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है।

रिमांड के दौरान CBI आरोपी से महादेव सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क, फंड के लेनदेन और अन्य आरोपियों से उसके संबंधों को लेकर पूछताछ कर रही है।

13 FIR के आधार पर CBI कर रही जांच

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 FIR के आधार पर CBI जांच कर रही है। जांच के दौरान मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर और हवाला ऑपरेटर समेत कुछ सरकारी कर्मचारियों के नाम भी आरोपी के तौर पर सामने आए हैं।

करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट

CBI के अनुसार, मामले में अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट कोर्ट में पेश की जा चुकी हैं। अब अभिषेक कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी उससे पूछताछ के जरिए महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आरोपियों की कथित भूमिका से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *