रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के शहर साइड में चल रहे पुनर्विकास कार्यों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। आरक्षण केंद्र के पास संचालित दोपहिया वाहन पार्किंग को अब एक्सप्रेस-वे के पास स्थानांतरित किया जा रहा है।

एक्सप्रेस-वे के पास मिलेगी पार्किंग सुविधा
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के शहर साइड में एक्सप्रेस-वे के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आरक्षण केंद्र के समीप स्थित वर्तमान दोपहिया पार्किंग स्थल को निर्माण कार्यों के लिए खाली किया जा रहा है।
पार्किंग स्थल के स्थानांतरण के बाद यात्रियों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की गई है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन परिसर या अन्य अनधिकृत स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने की सलाह दी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
गुढ़ियारी छोर और गेट नंबर-1 के पास भी पार्किंग
रायपुर रेलवे स्टेशन पर गुढ़ियारी छोर की तरफ भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा शहर साइड में गेट नंबर-1 के पास प्रीमियम दरों पर पार्किंग सुविधा भी दी जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग शुल्क लागू है। निर्धारित शुल्क में GST शामिल है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे पार्किंग शुल्क की निर्धारित दरों के अनुसार ही भुगतान करें।
पार्किंग की रसीद जरूर रखें
रेलवे ने यात्रियों से वाहन पार्क करते समय प्राप्त रसीद को सुरक्षित रखने की अपील की है। किसी भी तरह की परेशानी होने पर यात्री 139, रेल मदद के लिए RailOne ऐप, संबंधित पार्किंग कर्मचारी या रेलवे स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं।
पुनर्विकास कार्यों के बीच यात्रियों से सहयोग की अपील
रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य जारी रहने के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने और स्टेशन परिसर में लगाए गए संकेतकों व दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।