September 21, 2026

शहडोल। जिले में रविवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवा के कारण जिले के अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, कुछ छोटे वाहन भी पेड़ों की चपेट में आए और उन्हें नुकसान पहुंचा।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी व्यक्ति के घायल होने या आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि की सूचना नहीं थी।

शहडोल-रीवा मार्ग पर गिरे कई पेड़

सोहागपुर क्षेत्र में शहडोल-रीवा मार्ग पर कई पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

बारिश के बीच स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू हो सका।

बाइक और ऑटो पर गिरा पेड़

पिपरिया के पास तेज बारिश से बचने के लिए कुछ बाइक सवार यात्री प्रतीक्षालय के पास बने शेड में खड़े थे। इसी दौरान पास में एक छोटा पेड़ गिर गया।

पेड़ की चपेट में एक बाइक और ऑटो आ गए, जिससे दोनों वाहनों को हल्का नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग सुरक्षित रहे।

जयसिंहनगर-मानपुर मार्ग पर भी यातायात प्रभावित

जयसिंहनगर से मानपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर भी तेज हवा और बारिश के बीच एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो गया।

हाल में आकाशीय बिजली से हुई थी दो लोगों की मौत

गौरतलब है कि हाल ही में जैतपुर और जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में अचानक मौसम बदलने के बीच ग्रामीणों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

19 सितंबर तक 1121.4 मिमी औसत बारिश

जिले में 1 जून से 19 सितंबर 2026 तक 1121.4 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 1086.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

19 सितंबर को जिले में कुल 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि औसत वर्षा 7.2 मिलीमीटर रही। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार सोहागपुर में 26 मिमी, गोहपारू में 14 मिमी, बुढार में 8 मिमी और जयसिंहनगर में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *