सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के सोहावल विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला डफाई फुटौंदी में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से चार बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

पढ़ाई के दौरान अचानक गिरा प्लास्टर
बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चे रोज की तरह पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से चार बच्चों को चोटें आईं।
हादसे के बाद स्कूल में मौजूद लोगों ने घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई।
स्कूल भवन की हालत पर उठे सवाल
स्कूल के छज्जे का प्लास्टर गिरने की घटना ने भवन की स्थिति और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या समय रहते भवन की जांच और मरम्मत कराई जाती, तो घटना को टाला जा सकता था।
जन शिक्षा केंद्र बाबूपुर के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल में हुई घटना के बाद जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब यह देखना होगा कि अधिकारी भवन की स्थिति की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करते हैं या नहीं।