September 21, 2026

रायपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की युवा इकाई यंग इंडियंस (Yi) की ओर से एक दिवसीय वार्षिक फ्लैगशिप सम्मेलन ‘युवा उत्सव 5.0’ का आयोजन रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। ‘वन भारत स्पिरिट’ (One Bharat Spirit) की थीम पर आयोजित सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, यूनिकॉर्न संस्थापकों, उद्योगपतियों, निवेशकों के साथ 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में नवाचार, उद्यमशीलता, पूंजी निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्टार्टअप के विस्तार जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार और अनुभव साझा किए।

डिप्टी CM अरुण साव ने युवाओं से AI अपनाने का किया आह्वान

समारोह के विशेष समापन सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा और आधुनिक तकनीक का समन्वय समाज की जटिल समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और तकनीकी क्षमता के जरिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में योगदान दे सकते हैं।

उद्योग की जरूरतों से युवाओं को जोड़ना जरूरी

अतिथियों का स्वागत करते हुए CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने कहा कि औद्योगिक प्रतिस्पर्धा के लिए युवाओं को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना जरूरी है।

वहीं, विषय प्रवर्तन करते हुए Yi रायपुर के चेयरमैन एवं रामा टीएमटी के निदेशक पंकज सोमानी ने कहा कि ‘वी कैन, वी विल’ के संकल्प के साथ आयोजित यह सम्मेलन युवाओं को पूंजी निवेश, AI और सफल उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया।

‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में पूंजी और कारोबार विस्तार पर चर्चा

सम्मेलन के पहले सत्र ‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में विस्टेरिया मीडिया की संस्थापक सुऐश्वर्या गोयल, जिनकुशल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ अभिनव जैन और फिनएवेन्यू के फंड मैनेजर अभिषेक जायसवाल ने हिस्सा लिया।

इस सत्र में पूंजी प्रबंधन, निवेश और कारोबार के विस्तार से जुड़े विषयों पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया गया। इसके बाद प्रेरक वक्ता राहुल कपूर ने नेतृत्व क्षमता और लीडरशिप से जुड़े विषयों पर युवाओं के साथ संवाद किया।

‘फ्यूचर ऑफ AI’ और ‘यूनिकॉर्न माइंडसेट’ पर मंथन

दोपहर के सत्र में एआई रेल्म टेक्नोलॉजीज के संस्थापक राउल जॉन अजू ने ‘फ्यूचर ऑफ AI’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बदलते स्वरूप और भविष्य में इसके संभावित प्रभावों पर चर्चा हुई।

इसके बाद ‘यूनिकॉर्न माइंडसेट’ सत्र में डॉ. वैद्यज के संस्थापक अर्जुन वैद्य, ज़ोक्सोडे के सह-संस्थापक कुशल अग्रवाल और इंडो एरा की सह-संस्थापक एवं सीईओ सुसृष्टि तनवानी ने स्टार्टअप के निर्माण और विस्तार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

सहयोगी संस्थाओं के सम्मान के साथ हुआ समापन

समापन चरण में Yi रायपुर के को-चेयर एवं पासरी रिफ्रैक्टरीज के निदेशक कवित पसारी ने दिनभर चले विचार-विमर्श का सार प्रस्तुत किया। इसके बाद Yi Yuva Vertical के को-चेयर आदित्य अग्रवाल ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया।

सम्मेलन के अंत में सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। इसके बाद म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति के साथ ‘युवा उत्सव 5.0’ का समापन हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *