November 6, 2026

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान और आदर्शों को स्मरण किया।

CM साय ने महात्मा गांधी को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना प्रमुख रूप से दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन लोगों को सत्य के मार्ग पर अडिग रहने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने उनके प्रसिद्ध ‘जय जवान-जय किसान’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा और समृद्धि में सैनिकों तथा किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।

जनकल्याण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं दोनों महापुरुष

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देने वाले हैं। उनके विचार जनकल्याण, सुशासन, सत्य, सादगी और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *