छत्तीसगढ़। ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन देने की। इसी दिशा में अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर पहल के तहत संचालित तीरंदाजी प्रशिक्षण कार्यक्रम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम से जुड़े छत्तीसगढ़ के छह युवा तीरंदाजों का राज्य की प्रतिष्ठित तीरंदाजी एवं खेल प्रशिक्षण अकादमियों में चयन हुआ है। खास बात यह है कि खिलाड़ियों ने महज छह महीने के प्रशिक्षण में यह सफलता हासिल की है।

157 बच्चों में से चुने गए थे 15 खिलाड़ी
नवंबर 2025 में ग्राम साल्ही से शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एटीएमएसएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत श्री सर्विसेज कर रही है। परियोजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 157 बच्चों ने तीरंदाजी प्रशिक्षण में रुचि दिखाई थी। इनमें से प्रतिभा के आधार पर 15 बच्चों का चयन किया गया, जिनमें आठ बालिकाएं और सात बालक शामिल थे।
चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल उपकरण, तकनीकी प्रशिक्षण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
रायपुर और बिलासपुर की अकादमियों में मिला स्थान
प्रशिक्षण का परिणाम रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय चयन परीक्षण में सामने आया। इसमें पांच खिलाड़ियों का चयन आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी, राज्य तीरंदाजी केंद्र रायपुर के लिए हुआ। यह केंद्र छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित है।
वहीं, एक खिलाड़ी ने लेट बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, बिलासपुर में जगह बनाई।
इन छह खिलाड़ियों का हुआ चयन
चयनित खिलाड़ियों में ग्राम घाटबर्रा की महिमा सिंह, ग्राम साल्ही की अंजलि कुशरो, ग्राम बासेन के दिलेश्वर श्याम, ग्राम हरिहरपुर के अंशु वरकड़े, ग्राम तारा के सत्यम तिर्की और ग्राम फतेहपुर के प्रियांशु विश्वकर्मा शामिल हैं।
राज्य स्तरीय अकादमियों में चयन के बाद इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतिभाओं को अवसर देना प्राथमिकता : अदाणी फाउंडेशन
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों ने कम समय में अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रतिभाओं को अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, महिला सशक्तिकरण, खेल और सामुदायिक बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में विभिन्न पहल के माध्यम से काम कर रहा है। तीरंदाजी प्रशिक्षण कार्यक्रम की यह उपलब्धि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।