छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। धमतरी जिले में शव लेकर जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें जगदलपुर के महारानी अस्पताल की नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सूरजपुर जिले में बाइक सवार युवक कुएं में जा गिरा और उसकी भी जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

धमतरी में एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराई
पहला हादसा धमतरी जिले में संबलपुर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक एम्बुलेंस मृत व्यक्ति का शव रायपुर से जगदलपुर लेकर जा रही थी। इसी दौरान संबलपुर के पास एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर ट्रैक्टर से जा भिड़ी।
हादसा इतना जोरदार था कि एम्बुलेंस में सवार नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में नर्स की मौत
मृतका शबनम खान जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में एम्बुलेंस और ट्रैक्टर की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
सूरजपुर में बाइक समेत कुएं में गिरा युवक
दूसरा हादसा सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव में हुआ। यहां देर रात बाइक सवार एक युवक सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मृतक ओढ़गी क्षेत्र के घुई गांव का रहने वाला था। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
दोनों घटनाओं में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे किन परिस्थितियों में हुए और इनके पीछे क्या कारण रहे।