भोपाल। राजधानी भोपाल में चर्चित फर्जी IAS अधिकारी तृप्ति सिंह से जुड़े धोखाधड़ी मामले की जांच के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने के आरोप सामने आए हैं। शिकायतों और प्राथमिक जांच के बाद DCP विकास शहवाल ने बागसेवनिया थाने में पदस्थ ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर को लाइन अटैच कर दिया है।

बागसेवनिया थाने में पदस्थ थे दोनों पुलिसकर्मी
कार्रवाई की जद में आए दोनों पुलिसकर्मी बागसेवनिया थाने में पदस्थ थे और फर्जी IAS तृप्ति सिंह से जुड़े धोखाधड़ी के मामले की जांच में शामिल थे।
बताया गया है कि तृप्ति सिंह पर लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें सामने आईं।
पीड़ितों से रिश्वत मांगने का आरोप
आरोप है कि फर्जी IAS के हाथों ठगी का शिकार हुए फरियादियों से ही पुलिसकर्मी मामले में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे। पीड़ितों ने इस संबंध में अधिकारियों से शिकायत की थी।
इसके अलावा दोनों पुलिसकर्मियों पर मामले से जुड़े आरोपियों से भी कथित सांठगांठ कर रुपये लेने की शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। इन आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
DCP विकास शहवाल ने किया लाइन अटैच
लगातार मिल रही शिकायतों और प्राथमिक स्तर पर हुई जांच के बाद DCP विकास शहवाल ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।