खंडवा। सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा और बिना हेलमेट वाहन चलाने की समस्या कम करने के लिए खंडवा पुलिस ने हेलमेट बैंक की शुरुआत की है। इस सुविधा के तहत लोग नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराकर निशुल्क हेलमेट ले सकेंगे। अपना काम पूरा होने के बाद उन्हें हेलमेट वापस जमा करना होगा।

कारवाड़ी पुलिस चौकी से मिलेगी सुविधा
खंडवा पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कारवाड़ी पुलिस चौकी पर हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। यहां से लोग जरूरत के मुताबिक हेलमेट ले सकते हैं और उपयोग के बाद उसे वापस जमा कर सकेंगे।
नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा
इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराना है, जो जल्दबाजी में घर से निकलते समय हेलमेट भूल जाते हैं या उस समय उनके पास हेलमेट उपलब्ध नहीं होता।
ऐसे लोग कारवाड़ी पुलिस चौकी पहुंचकर अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराएंगे। हेलमेट लेने का समय भी रिकॉर्ड किया जाएगा। काम पूरा होने के बाद हेलमेट वापस जमा करना होगा।
पुलिस की इस पहल से उम्मीद है कि लोग बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से बचेंगे और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगे।