रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 16 और 17 सितंबर को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन की मेजबानी छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग कर रहा है।

देशभर के राज्य निर्वाचन आयुक्त होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के मुताबिक, अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन अलग-अलग राज्यों में प्रतिवर्ष किया जाता है। इससे पहले वर्ष 2014 में भी छत्तीसगढ़ में इस सम्मेलन का आयोजन हो चुका है।
इस बार सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से राज्य निर्वाचन आयुक्त शामिल होंगे। बैठक में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव पर होगा मंथन
सम्मेलन में विशेष रूप से त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी, विश्वसनीय और सहभागी बनाने से जुड़े निर्वाचन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोगों के अनुभवों और चुनाव प्रक्रिया में सुधार की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की जानकारी दी गई है।
अमेरिका के विशेषज्ञ भी होंगे शामिल
सम्मेलन में लोकतांत्रिक निर्वाचन से जुड़े विषयों पर प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी (अमेरिका) के अंतरराष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे। वे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर अपने विचार और विशेषज्ञता साझा करेंगे।
EVM तकनीक पर भी मिलेगी जानकारी
सम्मेलन में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL), हैदराबाद और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), बेंगलुरु के EVM विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
इन विशेषज्ञों की ओर से अपने-अपने संस्थानों की अद्यतन तकनीकी जानकारी और EVM से जुड़ी तकनीकी पहलुओं पर प्रस्तुति दी जाएगी। इससे राज्य निर्वाचन आयोगों के अधिकारियों को चुनाव तकनीक से संबंधित नई जानकारियां साझा करने का अवसर मिलेगा।