September 16, 2026

छत्तीसगढ़ में बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया और सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और सड़क पर जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।

खरसिया चौक पर गड्ढे भरने और जल निकासी के निर्देश

CM साय ने खरसिया चौक की सड़क पर मौजूद बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर लोगों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें।

बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन प्रभावित हो रहा हो अथवा दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।

ऐसे स्थानों पर जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माणाधीन सड़कों को चलने योग्य रखने पर जोर

CM साय ने कहा कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं या बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।

उन्होंने कहा कि बारिश के कारण स्थायी निर्माण कार्य में व्यावहारिक कठिनाइयां आने की स्थिति में भी सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए जरूरी उपाय किए जाएं।

NH, PWD और नगरीय निकायों की सड़कों पर भी निगरानी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क चाहे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय कर समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करे।

कलेक्टरों को अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश के बाद सड़क निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि सड़क निर्माण के कारण लोगों को लंबे समय तक परेशानी न हो और कार्यों का समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *