September 21, 2026

रायपुर। एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया (AHPI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के सचिव अतुल सिंघानिया को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उनके नेतृत्व और व्यावसायिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर AHPI Emerging Healthcare Leader Award 2026 से सम्मानित किया गया है।

जयपुर में आयोजित AHPI Leadership Summit 2026 के समापन समारोह में राजस्थान शासन के मुख्य सचिव आईएएस वी. श्रीनिवास और नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. विनोद के. पॉल ने अतुल सिंघानिया को यह सम्मान प्रदान किया।

स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उभरते नेतृत्व को सम्मान

AHPI की ओर से दिया जाने वाला यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उभरते नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और ऐसे पेशेवरों के योगदान को पहचान देने की पहल है, जो अपनी संस्थागत जिम्मेदारियों के साथ व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

15 वर्षों से अधिक का अनुभव

अतुल सिंघानिया पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वहनीयता एवं सुलभता, चिकित्सा शिक्षा और NEET, स्वास्थ्य बीमा तथा अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच संबंध जैसे विषयों पर AHPI के माध्यम से नीति-स्तरीय चर्चाओं और सुझावों में योगदान दिया है।

“सम्मान से बढ़ी जिम्मेदारी”- अतुल सिंघानिया

सम्मान मिलने के बाद अतुल सिंघानिया ने कहा कि यह उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने AHPI के राष्ट्रीय नेतृत्व और छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि AHPI के साथ जुड़कर उन्हें अस्पताल प्रबंधन की संस्थागत भूमिका से आगे बढ़कर स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था से जुड़े व्यापक विषयों पर काम करने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिला है।

श्री नारायणा हॉस्पिटल का जताया आभार

अतुल सिंघानिया ने श्री नारायणा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुनील खेमका, डॉ. मेघा खेमका और पूरे हॉस्पिटल परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान ने उनकी व्यावसायिक यात्रा को मजबूत आधार दिया और उन्हें सीखने, आगे बढ़ने तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान देने के निरंतर अवसर प्रदान किए।

डॉ. राकेश गुप्ता ने दी बधाई

AHPI छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि अतुल सिंघानिया के योगदान और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अतुल सिंघानिया को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में और व्यापक स्तर पर योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *