November 6, 2026

गरियाबंद/राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम में पैरी नदी से दो अज्ञात शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव नदी के अलग-अलग हिस्सों में एनीकट के बीच फंसे हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पैरी नदी के एनीकट में फंसे मिले दोनों शव

मामला राजिम थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पैरी नदी के नवागांव एनीकट में एक अज्ञात शव फंसा मिला। वहीं दूसरा शव वार्ड क्रमांक 1 स्थित माणिकांचन के पास नदी में फंसा हुआ मिला।

एक साथ दो शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव हाल में आई तेज बाढ़ के पानी में बहकर यहां तक पहुंचे होंगे। हालांकि, शवों के नदी में पहुंचने की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अब तक नहीं हो सकी शवों की पहचान

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ शवों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत की वजह और दोनों शवों के नदी तक पहुंचने की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *