दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अटल आवास और आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कार्रवाई कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।

1200 अल्प्राजोलम टैबलेट और 2 एयर गन बरामद
एएसपी भोजराज अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट, 8 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद और 2 एयर गन बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, जब्त सामान की कुल कीमत करीब 99 हजार रुपये है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं को नशीली गोलियां बेचने का कथित अवैध कारोबार कर रहे थे।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(c) और 22 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बरामद एयर गन के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, एयर गन को लेकर अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने साहिल शेख, योगेश कुमार साहू, अम्रन साहू, मयंक यादव, जानी यादव और समीर ठाकुर को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं और नशीली दवाओं की सप्लाई के स्रोत की भी जांच कर रही है।