November 6, 2026

रायपुर। सड़क हादसे के बाद करीब 56 दिन तक दिल्ली में इलाज और स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार को रायपुर लौट आए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने किरण सिंह देव का स्वागत किया। लंबे समय बाद उनकी प्रदेश वापसी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

छत्तीसगढ़ लौटकर बहुत अच्छा लग रहा: किरण सिंह देव

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में किरण सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर वापस आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने इलाज और बेड रेस्ट के दौरान मिले सहयोग और शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार जताया।

किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर छोटे से छोटे कार्यकर्ता तक ने उनका साथ दिया। उन्होंने विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों से मिले सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की प्रार्थना और विश्वास से उन्हें स्वस्थ होकर लौटने में मदद मिली।

नए प्रभारी और सह प्रभारी को दी बधाई

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभु को लेकर भी किरण सिंह देव ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर और एकजुट होकर संगठन के लिए काम करेंगे।

CM साय ने भी दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी किरण सिंह देव की वापसी पर उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के स्वस्थ होकर लौटने से भाजपा परिवार में प्रसन्नता है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद और प्रदेशवासियों की शुभकामनाओं के साथ किरण सिंह देव के पूर्ण स्वास्थ्य और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की कामना की।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

किरण सिंह देव 29 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे, तभी झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी इनोवा कार एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए झांसी ले जाया गया और बाद में इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया।

दिल्ली में लंबे इलाज और स्वास्थ्य लाभ के बाद 23 सितंबर को उनकी रायपुर वापसी हुई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *