बलौदाबाजार। शहर के बस स्टैंड में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब बस चालक-परिचालक संघ ने सभी बसों का संचालन बंद कर दिया। एक बस चालक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में चालक-परिचालक बसों को बस स्टैंड में खड़ा कर आंदोलन पर बैठ गए। बसों के अचानक बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सवारी बैठाने को लेकर बस चालक से मारपीट
जानकारी के मुताबिक, सुबह राधेश्याम बस सर्विस के चालक राधेलाल बांधे के साथ सवारी बैठाने को लेकर एक ऑटो चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ऑटो चालक ने बस चालक के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथी चालक उसे तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया।
घटना से नाराज बस चालकों ने बंद किया संचालन
साथी चालक के साथ मारपीट की घटना के बाद बस चालक और परिचालक आक्रोशित हो गए। संघ ने सभी बसों को बस स्टैंड में खड़ा कर दिया और सड़क पर बस चलाने से इनकार कर दिया।
चालकों का कहना है कि बस स्टैंड में ऑटो चालकों की मनमानी और आए दिन होने वाले विवादों से वे परेशान हैं। संघ की मांग है कि मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जब तक कार्रवाई नहीं होती, बसों का संचालन शुरू नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
ऑटो के लिए अलग स्टैंड बनाने की मांग
बस चालक-परिचालक संघ ने प्रशासन के सामने ऑटो चालकों को बस स्टैंड परिसर में प्रवेश नहीं देने और उनके लिए अलग ऑटो स्टैंड निर्धारित करने की मांग रखी है।
संघ का कहना है कि बस स्टैंड में सवारी बैठाने को लेकर अक्सर बस और ऑटो चालकों के बीच विवाद की स्थिति बनती है। अलग स्टैंड होने से ऐसी घटनाओं को नियंत्रित किया जा सकता है।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना और बसों का संचालन बंद होने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, आरटीओ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बस चालक-परिचालक संघ के सदस्यों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हालांकि, चालक अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक मारपीट के मामले में कार्रवाई और ऑटो स्टैंड को लेकर समाधान नहीं होता, तब तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
व्यापारी और बस संचालकों ने भी दिया समर्थन
बस चालक संघ के सलीम खान ने कहा कि साथी चालक पर हुए हमले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने ऑटो चालकों के लिए अलग स्टैंड बनाने और बस स्टैंड के अंदर ऑटो के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग दोहराई।
बस चालकों के आंदोलन को बस संचालकों और बस स्टैंड के व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। इससे प्रशासन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है।
प्रशासन से बातचीत रही बेनतीजा
फिलहाल प्रशासन और बस चालक-परिचालक संघ के बीच हुई बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका है। बस चालक अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं। बसों का संचालन बंद रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और संघ के साथ होने वाली बातचीत पर टिकी हैं।