उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार तड़के उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। इस दौरान दोनों नेताओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

करीब दो घंटे तक नंदी हॉल से किए भस्म आरती के दर्शन
बाबा महाकाल की भस्म आरती शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नंदी हॉल से करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आए।
भस्म आरती के दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उज्जैन कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने नितिन नबीन और हेमंत खंडेलवाल का स्वागत एवं सत्कार किया।
नितिन नबीन ने देशवासियों के लिए की प्रार्थना
दर्शन के बाद नितिन नबीन ने कहा कि उन्होंने बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए और देश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि वे पहली बार मध्य प्रदेश और उज्जैन आए हैं।
नबीन ने कहा कि महाकाल की नगरी आने वाला व्यक्ति बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती किए बिना नहीं जाता। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी प्रार्थना करने की बात कही।
PM मोदी के जन्मदिन को लेकर भी किया जिक्र
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के रूप में मनाया गया। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यश और कीर्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भाजपा नेताओं के महाकाल मंदिर पहुंचने के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।