November 6, 2026

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में एलकेजी कक्षाएं शुरू करने और प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया है। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की सिंगल बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए संबंधित व्यवस्था चार सप्ताह के भीतर पूरी कर प्रवेश शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

LKG में प्रवेश नहीं होने पर हाईकोर्ट पहुंचे अभिभावक

मामला बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के रहने वाले सुदर्शन लोढ़ी, सूरज साहू, गोविंद पटेल, दकवार बंजारे, लालाराम सोनी, चंद्र प्रकाश, मुकेश सोनी, आत्माराम साहू, भारत साहू, ओम प्रकाश सोनी, सुनीला वर्मा और देकोराम की याचिका से जुड़ा है।

याचिकाकर्ताओं ने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बताया कि उनके बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य आय वाले परिवारों से हैं। वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा दिलाने के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में LKG में दाखिला कराना चाहते हैं, लेकिन बेमेतरा जिले में LKG की प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।

बजट और स्टाफ की कमी का दिया गया हवाला

याचिका में आरोप लगाया गया कि राज्य के अन्य जिलों में स्वामी आत्मानंद स्कूलों में LKG में प्रवेश दिए जा रहे हैं, जबकि बेमेतरा में जिला शिक्षा अधिकारी और स्कूल प्रबंधन की ओर से बजट और स्टाफ की कमी का हवाला देकर प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि इससे बेमेतरा जिले के बच्चों को उसी योजना के तहत उपलब्ध शैक्षणिक अवसर से वंचित होना पड़ रहा है।

हाईकोर्ट ने कहा- क्षेत्रीय आधार पर नहीं किया जा सकता भेदभाव

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि यदि राज्य सरकार ने सभी जिलों में गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने की नीति बनाई है, तो किसी एक जिले को उससे अलग नहीं रखा जा सकता। कोर्ट ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 21ए के संदर्भ में देखा।

कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था पूरी कर चार सप्ताह के भीतर LKG की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

राज्य की दलील कोर्ट ने नहीं मानी

राज्य सरकार की ओर से डिप्टी एजी डॉ. सौरभ कुमार पांडेय ने दलील दी कि LKG स्तर पर आरटीई का अनिवार्य प्रावधान लागू नहीं होता।

हालांकि, कोर्ट ने इस आधार को स्वीकार नहीं किया। हाईकोर्ट ने कहा कि क्षेत्रीय आधार पर बच्चों को शैक्षणिक सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में LKG कक्षाएं शुरू करने और प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *