November 6, 2026

रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के कथित अपहरण की गुत्थी पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाया गया था। आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।

पत्नी ने थाने पहुंचकर दी थी सूचना

जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय खमतराई थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

CCTV फुटेज से सामने आया पूरा घटनाक्रम

CCTV फुटेज के बारीकी से अवलोकन में पुलिस को पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे तीन अज्ञात लोग प्रतीक राय को काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर अपने साथ ले गए थे।

इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए तकनीकी सर्विलांस शुरू किया।

तकनीकी सर्विलांस से UP तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय स्थापित किया।

रायपुर पुलिस ने अहरौरा पुलिस को वाहन की लोकेशन, संभावित रूट और टोल प्लाजा से जुड़ी जानकारी साझा की। चौपन, रॉबर्ट्सगंज सहित संभावित मार्गों पर पुलिस टीमों को अलर्ट कर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई।

रायपुर पुलिस की ओर से साझा की जा रही तकनीकी और टोल संबंधी जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की।

अहरौरा में पकड़ी गई स्कॉर्पियो, तीन आरोपी हिरासत में

लगातार ट्रैकिंग और नाकाबंदी के बाद थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।

वाहन और पैसों के विवाद में अपहरण का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाया गया था। आरोपियों द्वारा उन्हें उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।

मामले में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ वारदात के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपियों को रायपुर लाने पुलिस टीम रवाना

आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र जायसवाल सहित थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *