November 22, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। महिला ने खुद को ‘रश्मि नागर सिंह चौहान’ बताते हुए दावा किया है कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में है और दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं। महिला ने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता सिंह चौहान पर मानसिक प्रताड़ना और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो जारी कर 20 साल से रिश्ते में होने का दावा

वीडियो में महिला कहती है कि वह अपनी मर्जी और पूरे होश में यह बयान दे रही है। उसका दावा है कि नागर सिंह चौहान के साथ पिछले 20 साल से उसका संबंध है और मंत्री ने हमेशा साथ निभाने का भरोसा दिया था।

महिला के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से वह परेशान है और इसी वजह से उसने वीडियो जारी कर अपनी बात सार्वजनिक की है।

मंत्री की पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

महिला ने भाजपा सांसद अनिता सिंह चौहान पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसे और उसके बेटे को कई संदेश भेजे, जिनसे दोनों मानसिक रूप से परेशान हुए। महिला का दावा है कि उसका बेटा इतना तनाव में आ गया कि वह परीक्षा देने तक नहीं गया।

उसने यह भी कहा कि अनिता सिंह चौहान के व्यवहार से नागर सिंह चौहान भी परेशान रहते थे। हालांकि, इन आरोपों पर सांसद अनिता सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गर्भवती होने का भी किया दावा

वीडियो में महिला ने दावा किया कि जब वह 18 साल की थी, तभी से मंत्री के साथ जुड़ी हुई है। उसने यह भी कहा कि वह कई बार गर्भवती हुई थी, लेकिन उसके और अनिता सिंह चौहान के बीच फर्क सिर्फ इतना है कि उसने बच्चों को जन्म नहीं दिया।

महिला ने वीडियो में कहा कि वह अगली सुबह मंत्री के घर जाने वाली है। उसने आशंका जताई कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए अनिता सिंह चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा।

मंत्री की प्रतिक्रिया का इंतजार

इस पूरे मामले में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सांसद अनिता सिंह चौहान का पक्ष भी सामने आना बाकी है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। महिला के दावों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *