महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर शनिवार रात दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। पिथौरा थाना क्षेत्र के लाखागढ़ के पास हुई इस घटना में दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में एक ट्रक चावल से लदा हुआ था, जबकि दूसरे में दोना-पत्तल और राशन सामग्री भरी थी। घटना के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।

चलते ट्रक के इंजन में लगी आग
पुलिस के मुताबिक, चावल से लदा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा दोना-पत्तल और राशन सामग्री से भरा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि खराब ट्रक के पास पहुंचते ही चलते ट्रक के इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े चावल से लदे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कुछ ही देर में दोनों ट्रक जलकर खाक
आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों ट्रक कुछ ही देर में जलकर खाक हो गए। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
तीन जगहों से बुलाए गए दमकल वाहन
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पिथौरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों ट्रकों में लगी आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है।