उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक मामले में 8 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 35 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से 9 आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। कुछ गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

सिंहस्थ 2028 के लिए चौड़ीकरण की कार्रवाई जारी
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत विभिन्न समाजों और संगठनों की ओर से स्वेच्छा से सड़क चौड़ीकरण के लिए जगह उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से शाही मस्जिद मामले में मस्जिद कमेटी और मुस्लिम धर्मगुरुओं की ओर से कार्रवाई की जा रही है। यह प्रक्रिया दिन-रात जारी है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी के मुताबिक, मस्जिद की इमारत ऊंची होने के कारण मलबा गिरने की आशंका को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के लिहाज से आसपास का क्षेत्र खाली रखा गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहा है।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे नजर रख रही है। भ्रामक या गलत सामग्री सामने आने पर उसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है। ऐसी पोस्ट करने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी, नारेबाजी और शहर काजी के घर पर उपद्रव से जुड़े मामलों में कुछ आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, चिह्नित किए गए 15 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
यातायात सामान्य, स्कूल नियमित रूप से संचालित
पुलिस के अनुसार, शाही मस्जिद के आसपास यातायात सुचारू रूप से चल रहा है और सभी स्कूल नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
शहर के आंतरिक और बाहरी मार्ग खुले हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सुबह, दोपहर, शाम और रात में पेट्रोलिंग कर रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला जा रहा है।
अन्य जिलों से भी जुटाई जा रही आरोपियों की जानकारी
एसपी ने बताया कि मामले में 35 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है और 20 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। न्यायालय के आदेश पर 9 आरोपियों को जेल भेजा गया है, जबकि बाकी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड मिले हैं और अन्य जिलों से भी उनके रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी ने बताया कि अब तक सामने आए पुराने रिकॉर्ड में दंगों से जुड़े मामले नहीं मिले हैं। यदि आगे ऐसी जानकारी सामने आती है, तो संबंधित आरोपियों की पूर्व में मिली जमानत निरस्त कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निगरानी, पेट्रोलिंग और आरोपियों की तलाश जारी रहेगी।