September 21, 2026

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में चर्चित कल्पना मिश्रा मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहा धरना पुलिस कार्रवाई के बाद खत्म करा दिया गया। मृतका के पिता रामशिरोमणि मिश्रा पिछले 14 दिनों से धरना स्थल पर बैठे थे। पुलिस ने उन्हें धरना स्थल से हटाकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि प्रदर्शन में शामिल अन्य समर्थकों को पुलिस वाहनों से रीवा कंट्रोल रूम ले जाया गया।

पुलिस ने धरना स्थल से टेंट और कुर्सियां भी हटाईं

पुलिस की कार्रवाई के दौरान धरना स्थल पर लगाए गए टेंट, बैनर और कुर्सियों को भी हटाया गया। पुलिस वाहनों में सामान लादकर मौके को खाली कराया गया।

अचानक हुई कार्रवाई के बाद धरना स्थल पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों और समर्थकों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।

14 दिन से बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहे थे पिता

कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में उनके पिता रामशिरोमणि मिश्रा अपनी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से धरने पर बैठे थे।

परिजनों और प्रदर्शनकारियों की ओर से लगातार मामले में न्याय की मांग की जा रही थी। बताया गया कि पिता विपरीत परिस्थितियों और तेज धूप के बीच भी धरने पर डटे हुए थे।

पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा गतिरोध

धरना समाप्त कराने के बाद पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल रूम ले जाने और धरना स्थल से सामान हटाए जाने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के कारण धरना समाप्त हो गया है, लेकिन मृतका के परिजनों की न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग बरकरार है। मामले में आगे प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *