November 6, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में सलेक्शन ट्रायल शुरू हुए। 28 और 29 सितंबर को होने वाले ट्रायल के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 108 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया जाएगा। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से चयन प्रक्रिया और ट्रायल के समन्वय की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है।

छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा मुकाबला

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए छह टीमों के नाम तय किए गए हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

सलेक्शन ट्रायल पूरा होने के बाद चुने गए खिलाड़ियों को इन छह टीमों में बांटा जाएगा।

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलेगी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। लीग को आईपीएल की तर्ज पर फ्रेंचाइजी आधारित फॉर्मेट में आयोजित करने की तैयारी है।

सभी छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगे।

मैचों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी।

चयनित खिलाड़ियों के लिए 9 दिन का ट्रेनिंग कैंप

ट्रायल के बाद चुने गए खिलाड़ियों के लिए 9 दिन का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को लीग शुरू होने से पहले प्रोफेशनल स्तर की तैयारी का अवसर देना है।

इस कैंप और लीग के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण और खेलने का अनुभव मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह और सुरेंदर कुमार समेत भारतीय हॉकी से जुड़े अन्य खिलाड़ी भी लीग का हिस्सा होंगे। जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि के नाम भी घोषित किए गए हैं।

स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सबसे अहम खासियत प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को मिलने वाला मौका है। चयन के बाद 108 स्थानीय खिलाड़ी प्रोफेशनल माहौल में खेलने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और मैदान साझा करेंगे।

इससे युवा खिलाड़ियों को हाई-इंटेंसिटी मुकाबलों का अनुभव हासिल करने और अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर मिलेगा। लीग यदि नियमित रूप से आयोजित होती है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट व चयन शिविरों तक पहुंचने का रास्ता मिलता है, तो यह प्रदेश में हॉकी की टैलेंट पाइपलाइन को मजबूत करने में मदद कर सकती है।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी लीग की टैगलाइन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो में प्रदेश का नक्शा शामिल किया गया है। इसमें केसरिया और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है। लोगो में आगे बढ़ती नारंगी रेखा को प्रदेश की प्रगति के प्रतीक के रूप में दर्शाया गया है।

लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है, जो स्थानीय रंग और छत्तीसगढ़ी पहचान को दर्शाती है।

‘बघवा’ होगा लीग का आधिकारिक शुभंकर

लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जिसे बाघ पर आधारित बनाया गया है। इसे छत्तीसगढ़ की वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता के प्रतीक के रूप में पेश किया गया है।

मैचों के दौरान दर्शकों के लिए रोजाना विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

छह टीमों के स्पॉन्सर को लेकर चर्चा जारी

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों के स्पॉन्सर को लेकर भी बैठकों का दौर जारी है। टीम प्रायोजन और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जा रही है।

वहीं, खिलाड़ियों के सलेक्शन ट्रायल पूरे होने के बाद टीमों में खिलाड़ियों को शामिल करने और फ्रेंचाइजी के अंतिम संयोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *