भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। दतिया में युवाओं को लेकर दिए गए बयान और शिवपुरी के करैरा में करवाचौथ को लेकर ‘खसम पूजन दिवस’ कहने पर अब धार्मिक जगत से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। साध्वी हर्षा रिछारिया ने उनके बयानों पर सवाल उठाते हुए भाषा की मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी है।

साध्वी हर्षा ने जताई आपत्ति
साध्वी हर्षा रिछारिया (हर्षानंद गिरी) ने एक वीडियो जारी कर धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि व्यासपीठ पर बैठने वाले संतों और कथावाचकों को अपने शब्दों के चयन में संयम बरतना चाहिए। मंच से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जिससे किसी की धार्मिक आस्था या सनातन परंपराओं को ठेस पहुंचे।
करवाचौथ को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। ऐसे पर्व के लिए हल्के या आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल उचित नहीं है।
नारी और कन्या पूजन को लेकर उठाए सवाल
साध्वी हर्षा ने धीरेंद्र शास्त्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने युवाओं को नशे और नींद के साथ नारी से भी दूर रहने की सलाह दी थी। साध्वी ने पूछा कि यदि मंच से नारी को गलत संदर्भ में पेश किया जाता है, तो फिर सनातन धर्म में कन्या पूजन की परंपरा का क्या औचित्य रह जाता है?
दतिया और करैरा में दिए थे बयान
गौरतलब है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दतिया के पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद युवाओं को नशे, नींद और नारी से दूर रहने की सीख दी थी। इसके बाद शिवपुरी जिले के करैरा में कथा के दौरान उन्होंने करवाचौथ को लेकर ‘खसम पूजन दिवस’ कहते हुए तंज किया था। इन दोनों बयानों पर अब साध्वी हर्षा रिछारिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।