November 6, 2026

भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के कर्मचारियों के बोनस को लेकर प्रबंधन ने 1 अक्टूबर को NJCS कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। बैठक नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में दोपहर 1 बजे होगी। इसमें NJCS कोर कमेटी के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।

23 मार्च 2023 को लागू किए गए बोनस के फार्मूले के आधार पर गणना करने पर इस साल करीब 30,200 रुपए बोनस बनने की बात सामने आ रही है। हालांकि, कर्मचारियों के प्रदर्शन और कंपनी के लाभ को देखते हुए राशि में अतिरिक्त बढ़ोतरी की संभावना को लेकर भी चर्चा है।

23 मार्च 2023 को लागू हुआ था नया फार्मूला

सेल प्रबंधन ने 23 मार्च 2023 से बोनस के लिए नया फार्मूला लागू किया था। इसी फार्मूले के आधार पर पिछले वर्षों में बोनस की गणना की गई है। बताया जा रहा है कि यह फार्मूला पांच वर्षों के लिए निर्धारित किया गया था और मौजूदा वर्ष इसकी अवधि का अंतिम वर्ष है।

इसी वजह से प्रबंधन द्वारा निर्धारित फार्मूले के आधार पर बोनस की गणना किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस गणना के आधार पर राशि करीब 30,200 रुपए बैठ रही है।

बोनस राशि बढ़ाने की मांग कर सकते हैं यूनियन नेता

बैठक में बोनस के तय फार्मूले में बदलाव को लेकर यूनियन नेताओं के पास सीमित विकल्प रहने की बात कही जा रही है। हालांकि, वे सेल के उत्पादन प्रदर्शन और लाभ का हवाला देते हुए कर्मचारियों के प्रोत्साहन के लिए बोनस राशि बढ़ाने का अनुरोध कर सकते हैं।

प्रबंधन की ओर से यदि अतिरिक्त राशि देने पर सहमति बनती है, तो 2 से 3 हजार रुपए की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में बोनस करीब 32,200 से 33,200 रुपए तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम राशि बैठक में प्रबंधन और यूनियन के बीच होने वाली चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगी।

1 अक्टूबर की बैठक पर कर्मचारियों की नजर

एनुअल सेल परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (ASPLIS) यानी बोनस को लेकर होने वाली यह बैठक कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बोनस की वास्तविक राशि और भुगतान से जुड़ा अंतिम निर्णय बैठक के बाद स्पष्ट होगा।

कर्मचारियों और यूनियन नेताओं की नजर अब 1 अक्टूबर को होने वाली NJCS कोर कमेटी की बैठक पर है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *