बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान में शुक्रवार को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। विमान का एक इंजन फेल होने की जानकारी मिलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे।
तकनीकी खराबी की स्थिति सामने आने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए एटीसी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई और विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया।

मेरठ के आसपास महसूस हुई तकनीकी खराबी
जानकारी के मुताबिक, विमान को उड़ान के दौरान मेरठ के आसपास तकनीकी समस्या महसूस हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एटीसी से संपर्क किया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए आवश्यक अनुमति मांगी।
एटीसी के साथ समन्वय के बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। विमान ने करीब दोपहर 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रहा था विमान
बताया गया है कि अलायंस एयर का विमान शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। इसके बाद प्रयागराज से विमान ने करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
प्रयागराज से दिल्ली की उड़ान के दौरान मेरठ के आसपास विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई। इसके बाद पायलट ने एटीसी को सूचना दी और दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी 54 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए विमानन नियामक DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में विमान में तकनीकी खराबी आने की वजह और इंजन फेल होने के कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल विमान की तकनीकी खराबी के सटीक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।