जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों की हसदेव नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना पंतोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम देवरी चिचोली की है। हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर सेना की बचाव टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है।

तैरते समय भंवर में फंसे युवक
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से तीन युवक पिकनिक मनाने के लिए देवरी पहुंचे थे। इस दौरान सभी हसदेव नदी में तैरने लगे।
बताया जा रहा है कि नदी के बीच में बने भंवर में फंसने के कारण तीनों युवक डूब गए और उनकी मौत हो गई।
कोटवार ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी ग्राम देवरी के कोटवार ने पंतोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बचाव दल को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद नगर सेना की टीम को युवकों की तलाश और शवों को बाहर निकालने के लिए रवाना किया गया है।
फिलहाल हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान एवं घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।