मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय बीएससी छात्रा के लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को रीवा-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय उन्हें अलग-अलग थानों के चक्कर लगवाने का आरोप लगाया। करीब तीन घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश तथा छात्रा को जल्द तलाशने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

कॉलेज से लौटते समय संपर्क टूट गया
दुबगवा गांव की रहने वाली छात्रा बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम करीब 4 बजे मां से फोन पर बात करते हुए उसने बताया कि वह खटखरी पहुंच गई है और ऑटो से घर लौट रही है।
इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। रात 8 बजे तक छात्रा घर नहीं पहुंची और परिजनों का उससे संपर्क भी नहीं हुआ। परिवार ने खटखरी पहुंचकर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
पिता ने थानों के चक्कर लगवाने का लगाया आरोप
छात्रा के पिता सुग्रीम पटेल का आरोप है कि वह गुरुवार रात करीब 9 बजे शिकायत लेकर हनुमना थाने पहुंचे थे। वहां उन्हें सीमा विवाद का हवाला देकर खटखरी चौकी, मऊगंज थाना और शाहपुर थाने जाने को कहा गया। परिजनों के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद एफआईआर दर्ज की गई।
छात्रा का पता नहीं चलने और पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज परिजन व ग्रामीण शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बढ़ैया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गए। चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तहसीलदार शिवम गौतम ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया। उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज कर उसकी प्रति परिजनों को दे दी गई है और साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल व मोबाइल लोकेशन के आधार पर छात्रा की तलाश की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम के मुताबिक, परिजनों की मांग पर गुरुवार रात ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और साइबर सेल भी सक्रिय है।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। छात्रा का पता लगाने के लिए पुलिस की तलाश जारी है।