November 9, 2026

मंडला। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंडला नगर पालिका में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नगर पालिका CMO गजानन नाफड़े को कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नल-जल योजना के तहत किए गए सप्लाई कार्य के बकाया भुगतान का बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई।

बकाया भुगतान के लिए मांगी थी 4 लाख की रिश्वत

जानकारी के मुताबिक ठेकेदार ज्ञानचंद बेन ने नल-जल योजना से संबंधित सप्लाई का काम किया था। आरोप है कि काम के बकाया भुगतान का बिल पास कराने के बदले CMO गजानन नाफड़े ने ठेकेदार से कुल 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस जबलपुर से की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा

लोकायुक्त की योजना के तहत ठेकेदार ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2 लाख रुपये CMO को दिए। जैसे ही राशि का लेन-देन हुआ, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने गजानन नाफड़े को पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम ने मौके पर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।

दस्तावेज और फाइलों की जांच जारी

लोकायुक्त की टीम रिश्वत मामले से जुड़े दस्तावेजों और नगर पालिका की संबंधित फाइलों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित रिश्वतखोरी के मामले में CMO के अलावा नगर पालिका का कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल है या नहीं।

मामले में आगे की कार्रवाई लोकायुक्त जांच के आधार पर की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *