November 28, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक व्यवसायी को कथित तौर पर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाकर 40 लाख रुपये वसूलने और इसके बाद डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने एक महिला, उसके पति और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि व्यवसायी को दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूली गई।

दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप

व्यवसायी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कथित ब्लैकमेलिंग की शुरुआत दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी से हुई। आरोप है कि दबाव में आकर उन्होंने शुरुआत में महिला को पांच लाख और फिर 10 लाख रुपये नकद दिए। इस लेन-देन को लेकर एक लिखित अनुबंध भी तैयार किया गया था। शिकायत के मुताबिक, अनुबंध के मूल दस्तावेजों पर महिला, उसके पति और गवाहों के हस्ताक्षर हैं। महिला के पिता रामकृष्ण देवड़ा का नाम भी गवाह के तौर पर दर्ज है।

शिकायत वापस लेने के बदले 25 लाख रुपये का समझौता

व्यवसायी का आरोप है कि नकद रकम लेने के बाद महिला ने एमपी नगर थाने में उनके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद शिकायत वापस लेने के बदले एक मध्यस्थ के जरिए 40 लाख रुपये की मांग की गई।

पीड़ित के मुताबिक, अंततः 25 लाख रुपये में स्टाम्प पेपर पर लिखित समझौता हुआ। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की गरिमा को लेकर चिंतित व्यवसायी ने महिला को 10 लाख और 15 लाख रुपये के दो चेक दिए। इसके बाद महिला ने थाने से अपनी शिकायत वापस ले ली।

डेढ़ करोड़ रुपये की नई मांग का आरोप

शिकायत में व्यवसायी ने आरोप लगाया है कि कुछ समय बाद महिला के पति और पिता ने फोन कर उनसे डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की। इतनी बड़ी रकम देने से इनकार करने पर उन्हें दोबारा दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामलों में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई।

व्यवसायी ने पुलिस को कथित धमकियों से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट सहित अन्य साक्ष्य सौंपे हैं। पुलिस ने महिला, उसके पति और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *