दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में बस्तर फाइटर्स (विशेष कार्यपालिक बल) के तहत फाइटर आरक्षक के 128 रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, जिले के स्थानीय निवासी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वर्गवार 128 पदों का विवरण
कुल 128 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है:
- अनारक्षित वर्ग: 7 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग: 17 पद
- अनुसूचित जाति: 11 पद
- अनुसूचित जनजाति: 93 पद
इन स्थानों पर जमा कर सकते हैं आवेदन
अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला दंतेवाड़ा, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), किरंदुल और थाना गीदम में जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा आवेदन पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से भी भेजा जा सकता है। इसके लिए आवेदन पुलिस अधीक्षक, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, पिन कोड 494449 के पते पर भेजना होगा।
शारीरिक मापदंड और परीक्षा की जानकारी कहां मिलेगी?
भर्ती से संबंधित आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और अन्य जरूरी जानकारी जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी लागू नियमों और सामान्य प्रशासन विभाग के समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें भर्ती के नियम
भर्ती के नियमों और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in और दंतेवाड़ा पुलिस की वेबसाइट dantewada.cgpolice.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बस्तर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के लिए पुलिस विभाग में सेवा का यह अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन जमा करने की सलाह दी गई है।