रायपुर। राज्योत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार सुबह रायपुर कलेक्टोरेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान कलेक्टोरेट में चौकीदार के पद पर कार्यरत दिनेश कुमार पटेल (50) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कर्ज को लेकर परेशानी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिनेश पटेल पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह कर्ज और लोन को लेकर परेशान था। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल, पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द, आरडीए कॉलोनी, थाना टिकरापारा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कर्ज और लोन से जुड़ी बातें सामने आई हैं। मामले की जांच जारी है।