उज्जैन। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोयला फाटक स्थित लालाश्री मिष्ठान भंडार पर ग्राहक की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने जांच की। ग्राहक ने मिठाई के पैकेट में कीड़े मिलने की शिकायत की थी। टीम ने दुकान और मिठाई बनाने वाले कारखाने का निरीक्षण करने के साथ ही अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए हैं।

मिठाई के पैकेट में कीड़े मिलने की शिकायत
कोयला फाटक निवासी चेतन शर्मा ने खाद्य विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, उन्होंने लालाश्री मिष्ठान भंडार से करीब 250 ग्राम गुपचुप मिठाई 170 रुपए में खरीदी थी। घर पहुंचने के बाद पैकेट खोलने पर बदबू आने लगी और उसमें कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए।
ग्राहक ने मिठाई में कीड़े होने के फोटो भी खींचे और शिकायत के साथ खाद्य विभाग को भेजे। उनका दावा है कि इससे पहले भी उन्हें इसी दुकान से खराब मिठाई मिली थी। उस समय शिकायत करने पर दुकान संचालक ने दूसरी मिठाई उपलब्ध कराई थी।
शिकायत के बाद दुकान और कारखाने में जांच
शिकायत मिलने के बाद फूड ऑफिसर बसंत दत्त शर्मा टीम के साथ लालाश्री मिष्ठान भंडार पहुंचे। खाद्य विभाग के अधिकारी के अनुसार, शिकायत में गुपचुप मिठाई में फंगस होने की बात कही गई थी।
टीम ने दुकान के साथ उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां मिठाई तैयार की जाती है। मौके से सैंपल लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
संचालक ने कहा- ट्रे में कोई समस्या नहीं
मामले में दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता ने ग्राहक की शिकायत पर अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि जिस ट्रे से गुपचुप मिठाई निकालकर ग्राहक को दी गई थी, उसे चेक किया गया है और ट्रे में किसी तरह की समस्या नहीं मिली।
संचालक ने कहा कि यदि मिठाई खराब पाई गई है तो उसे बदला जाएगा या ग्राहक को उसके पैसे वापस कर दिए जाएंगे।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल खाद्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। मिठाई में वास्तव में किस वजह से खराबी हुई और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ या नहीं, यह जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। विभाग की ओर से रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।