November 6, 2026

रायपुर। पदोन्नति प्रक्रिया में कथित देरी को लेकर TET उत्तीर्ण शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शिक्षकों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और शासन की ओर से जारी आदेशों के बावजूद अब तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इसे लेकर शिक्षकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।

शिक्षकों ने बताया कि इस संबंध में 5 अक्टूबर को बैठक कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की तारीख तय की जाएगी। शिक्षकों का कहना है कि अगर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

30 अगस्त तक पूरी होनी थी पदोन्नति प्रक्रिया

TET उत्तीर्ण शिक्षकों की ओर से दिए गए ज्ञापन के मुताबिक, शासन की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के लिए तीन बार स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे। इसके लिए अंतिम समय-सीमा 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।

शिक्षकों का दावा है कि निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी संबंधित स्तर पर एक भी पदोन्नति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे शिक्षक संवर्ग में असंतोष बढ़ रहा है।

वरिष्ठता सूची के बाद भी CR मंगाने की प्रक्रिया लंबित

ज्ञापन में सहायक शिक्षक (ई-संवर्ग) की अंतिम वरिष्ठता सूची का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सूची प्रकाशित होने के बाद भी CR मंगाने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है।

शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं में लगातार देरी होने के कारण आगे की कार्रवाई भी प्रभावित हो रही है।

TET योग्य शिक्षकों की संभाग स्तरीय सूची भी लंबित

शिक्षकों के अनुसार, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला और शिक्षक संवर्ग के लिए 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में TET योग्यताधारी शिक्षकों की संभाग स्तरीय प्रावधिक/अनंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन भी लंबित है।

शिक्षकों का आरोप है कि ये प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं होने से शासन की पदोन्नति नीति के उद्देश्य पर असर पड़ रहा है।

मांग पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल

TET उत्तीर्ण शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि लंबित प्रक्रियाओं पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया और पदोन्नति की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

शिक्षकों के मुताबिक, 5 अक्टूबर को बैठक में आंदोलन की रणनीति और हड़ताल की अंतिम तारीख तय की जाएगी। अब शिक्षकों की नजर शासन और संबंधित विभाग की ओर से होने वाली अगली कार्रवाई पर है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें

  • लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए।
  • सहायक शिक्षक (ई-संवर्ग) की वरिष्ठता सूची के बाद CR की प्रक्रिया पूरी की जाए।
  • TET योग्य शिक्षकों की संभाग स्तरीय प्रावधिक वरिष्ठता सूची जारी की जाए।
  • शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
  • सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और शासन के आदेशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *